चंपावत। संचार संपर्क से कटे नेपाल सीमा से लगे गुमदेश और तल्लादेश क्षेत्र के लोगों की संचार सेवा जल्द सुचारु नहीं होगी। बिजली बिल नहीं चुकाने से बीएसएनएल (भारत संचार निगम लिमिटेड) के मोबाइल टावरों के बिजली कनेक्शन 30 दिसंबर को काटे गए थे। ऊर्जा निगम द्वारा बिल जमा करने की दो सप्ताह की मोहलत नहीं दिए जाने से ग्रामीणों को तगड़ा झटका लगा है।
चंपावत जिले के 29 टावरों में से तीन टावरों (पुलहिंडोला, बाराकोट और कोयाटी) का बकाया बिल जमा नहीं करने पर 30 दिसंबर को कनेक्शन काट दिया गया था। इससे नेपाल सीमा से लगे गुमदेश और तल्लादेश के पांच हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं को लग रहा है। बीएसएनएल के इन ग्रामीणों का संचार संपर्क दुनिया से कट गया है। बीएसएनएल के जेटीओ विजय बहादुर का कहना है कि बिजली बिल के बकाये की राशि 14 लाख रुपये चुकाने के लिए दो सप्ताह की मोहलत ऊर्जा निगम से मांगी गई थी, लेकिन निगम के अधिकारियों ने इससे इंकार कर दिया। कहा कि शनिवार को बीएसएनएल के उच्चाधिकारियों को ताजा घटनाक्रम की जानकारी दे दी गई है।