लोहाघाट डाकघर में लगी लोगों की भारी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
उप डाकघर लोहाघाट में डाक कर्मियों की कमी के कारण व्यवस्थाएं चरमरा गई हैं। लोगों को लेनदेन के लिए घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है। एक ही काउंटर पर अधिकतर काम होने से लोगों को फजीहत झेलनी पड़ रही हैं। कई लोग घंटों लाइन में लगकर निराश होकर बैरंग लौटे। लोगों ने डाकघर में मानकों के अनुरूप कर्मचारियों की तैनाती की मांग उठाई है।
शनिवार को दूरदराज से लेन-देन के लिए उप डाकघर में लोगों का आना शुरू हुआ। डाकघर में कई घंटों से लाइन में लगे उत्तराखंड पेंशनर्स वेलफेयर आर्गनाइजेशन के प्रदेश महामंत्री बची सिंह रावत के साथ कई उम्र दराज लोग लाइन में लगे हुए थे।
राजेश चौबे, गोपाल सिंह, बसंत राय, गणेश राम, सुरेश प्रसाद, मोहन राम आदि ने कहा कि डाकघर में लोग आवर्ती जमा, पीपीएफ, केवीपी, एनएससी, वरिष्ठ नागरिक बचत योजना आदि के कार्य करवाने के लिए आते हैं। कभी इंटरनेट की खराबी तो कभी स्टाफ की कमी के कारण लोगों के काम नहीं हो पा रहे हैं।
ग्रामीणों ने कर्मियों की तैनाती के साथ इंटरनेट सुविधा को बेहतर करने की मांग की।
14 महीनों से रिक्त है पोस्ट मास्टर का पद
चंपावत। डाकघर में मार्च 2018 से पोस्ट मास्टर का पद रिक्त चल रहा है। इसके अलावा 6 डाक सहायकों में से मात्र चार कर्मचारियों के भरोसे डाकघर चल रहा है। प्रभारी पोस्ट मास्टर मिथिलेश बोहरा ने बताया कि डाकघर में कर्मियों की कमी से कामकाज में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रधान डाकघर में लगातार स्टाफ की मांग को लेकर पत्र व्यवहार किया जा रहा है। ब्यूरो