पिथौरागढ़। हिंदू जागरण मंच ने जिला और महिला अस्पताल में बगैर प्रतिस्थानी के चिकित्सकों को कार्यमुक्त करने पर नाराजगी जताते हुए डीएम को ज्ञापन दिया। उन्होंने कहा कि दोनों अस्पतालों में अव्यवस्थाएं हैं। इससे मरीजों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने डीएम से दोनों अस्पतालों में निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने की मांग की।
शनिवार को कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम को ज्ञापन दिया। कहा कि जिला अस्पताल और महिला अस्पताल में खामियों के चलते लोगों को काफी दिक्कतें होती हैं। कहा कि पूर्व में बगैर प्रतिस्थानी के चिकित्सकों को कार्यमुक्त नहीं करने का निर्णय लिया गया था लेकिन इस फैसले के खिलाफ चिकित्सकों को कार्यमुक्त कर दिया है। उन्होंने डीएम से मामले का संज्ञान लेते हुए जिला और महिला अस्पताल का निरीक्षण कर जमीनी हकीकत जानने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में मंच के संयोजक दीपक तिवारी, आशीष सुरकाली, विवेक पंत, जतिन वल्दिया, लवी सामंत आदि मौजूद रहे।