चंपावत। चंपावत जिले में पिछले 24 घंटे में हुई बारिश से पांच ग्रामीण सड़कें बंद होने से 10 हजार से अधिक की आबादी को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश के कारण सड़कों पर आए मलबे और बोल्डर के चलते लोगों का संपर्क मुख्यालय से कट गया।
सोमवार को चंपावत में सुबह तड़के बारिश के बाद ग्रामीण सड़कें बंद हो गईं। करीब चार घंटे की बारिश के बाद नरसिंह डांडा- भगीना भंडारी, अमोड़ी -छतकोट- पाली, रियांसी-तरकुली, विलासपुर बैंड- चौड़ातोक, लधौली-दुबचौड़ा-चौड़ाख्याली ग्रामीण सड़कें जगह-जगह मलबा आने के कारण बंद हो गईं। सड़क बंद होने के चलते लोगों को पैदल ही मुख्य सड़क तक आना पड़ा। सबसे अधिक दिक्कत अपने जरूरी काम से रोज मुख्यालय आने वाले ग्रामीणों को हुई। आपदा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार चंपावत में पांच मिमी, लोहाघाट में तीन मिमी, पाटी में चार मिमी, बनबसा में 46 मिमी, टनकपुर में 41 मिमी बारिश हुई। सड़क मार्ग खोलने का काम किया जा रहा है।
धंसे हिस्से की जल्द होगी मरम्मत
चंपावत। रविवार को बारिश के चलते एनएच पर चल्थी के पास सड़क का कुछ हिस्सा बारिश के चलते धंस गया था। सड़क मार्ग संकरा होने के कारण वाहनों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल सड़क मार्ग की मरम्मत का काम जल्द शुरू करने की तैयारी है। एनएच के एई एनसी टम्टा ने बताया कि जल्द धंसे हिस्से की मरम्मत की जाएगी।