चंपावत। नगर में बुधवार को पानी की आपूर्ति सुचारू हो गई लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में संकट बरकरार है। ग्रामीण क्षेत्रों में जल संस्थान पेयजल टैंकरों से पेयजल की आपूर्ति कर रहा है।
दो दिन पूर्व बारिश के चलते क्वैराला पंपिंग योजना का स्रोत मटमैला हो गया था। इससे पंपिंग योजना के स्रोत से पानी लिफ्ट नहीं किया गया। सोमवार 12 मई को जल संस्थान के कर्मियों ने स्रोत की सफाई की। बुधवार को सुचारू रूप से नगर में पेयजल आपूर्ति की गई।
जल संस्थान के जेई हेमंत फुलारा ने बताया कि मंगलवार पानी लिफ्ट कर टैंकों में भरा गया। अब किसी प्रकार की समस्या नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश से जल स्रोत थोड़ा रिचार्ज हुए हैं, इससे राहत है। अधिक समस्या वाले स्थानों में टैंकरों से पेयजल आपूर्ति की जा रही है।