चंपावत। जिला मुख्यालय के छतार क्षेत्र से पेट्रोल पंप तक एनएच पर गड्ढे ही गड्ढे हैं। छतार क्षेत्र चंपावत का प्रवेश द्वार है लेकिन यहां पर आने वालों का स्वागत एनएच के गड्ढे करते हैं।
यहां से मादली तक सड़क पर कई गड्ढे हैं। हर रोज इस स्थान से सैकड़ों वाहन आवाजाही करते हैं लेकिन बदहाल सड़क और गड्ढों के चलते दोपहिया वाहन से लेकर चारपहिया वाहन सवारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार इन गड्ढों की चपेट में आकर दोपहिया वाहन चालक चोटिल हो चुके हैं।
सबसे अधिक दिक्कत बरसात के समय होती है। जब इन गड्ढों में पानी भरा रहता है और सड़क पर सरपट दौड़ने वाले वाहनों के गुजरने से राह चलते लोगों पर छींटे पड़ते हैं। क्षेत्र के लोग लगातार इन गड्ढों को भरने की मांग करते आ रहे हैं लेकिन आज तक कुछ भी नहीं हुआ।