लोहाघाट (चंपावत)। उपजिला अस्पताल लोहाघाट की अव्यवस्थाओं पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गहरी नाराजगी जताई है। नाराज कांग्रेसियों ने अस्पताल की अव्यवस्थाओं के खिलाफ धरना-प्रदर्शन का एलान किया है। जल्द व्यवस्थाओं में सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
कांग्रेस लोहाघाट नगर अध्यक्ष अमर सिंह कोटियाल ने उप जिला अस्पताल लोहाघाट की अव्यवस्थाओं के विरोध में सोमवार को अस्पताल में धरना-प्रदर्शन को लेकर एसडीएम को ज्ञापन दिया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल की अव्यवस्थाएं सुधर नहीं रही हैं। अस्पताल मात्र रेफर सेंटर बनकर रह गया है। अस्पताल में न तो विशेषज्ञ चिकित्सक हैं और न ही चिकित्सा स्टाफ है। चिकित्सक अपने कक्ष में न बैठकर बाहर बेंच पर बैठकर मरीजों का इलाज करते हैं। कहा कि शासन-प्रशासन की ओर से उप जिला अस्पताल लोहाघाट के प्रति सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। उप जिला चिकित्सालय की अव्यवस्थाओं को सुधारने की मांग के लिए दो सितंबर को 11 बजे से सांकेतिक धरना-प्रर्दशन किया जाएगा। इसके बाद भी सुधार नहीं हुआ तो 15 दिन के बाद उग्र आंदोलन और क्रमिक अनशन किया जाएगा। इस दौरान अमर नाथ, नारायण दत्त, दीपक सिंह मेहता, महेश मेहता, मदन राम, गणेश दत्त, प्रकाश माहरा मौजूद रहे।