हर घर नल हर घर जल योजना का निर्माण कार्य पूरा करने की मांग को लेकर प्रदर्शन करते सुंई कोटालीखेत
लोहाघाट (चंपावत)। ब्लॉक लाहाघाट के पऊ के छमनिया कोटाली खेत तोक की हर घर नल हर घर जल योजना का कार्य अधूरा छोड़ने पर ग्रामीणों ने गहरी नाराजगी जताई है। ग्रामीणों ने जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन कर जल्द पेयजल योजना का कार्य पूरा करने की मांग की।
सामाजिक कार्यकर्ता खिलानंद पंत के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कहा कि उनके तोक में वर्षों से पेयजल की कोई सुविधा नहीं है। जल संस्थान ने सुंई लिफ्ट पेयजल योजना से हर घर नल, हर घर जल योजना का कार्य किया जिसे बीच में ही छोड़ दिया। इस मुद्दे को ग्रामीणों ने बीते मई माह में ब्लाॅक सभागार में आयोजित तहसील दिवस में प्रमुखता से उठाया। डीएम नवनीत पांडे ने एक सप्ताह के अंदर कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया लेकिन अभी तक कार्य शुरू नहीं हुआ।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से उनकी इस समस्या का शीघ्र समाधान करने की गुहार लगाई है। चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही कार्य शुरू नहीं हुआ तो ग्रामीण प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान मोहन चंद्र, हीरादेवी, जानकी देवी, मनोज कुमार, कमला भट्ट, कलावती देवी, बबीता पंत, धीरेंद्र कुमार, सरस्वती देवी, शांति देवी, गीता चतुर्वेदी, सौरभ पंत, देवकी देवी, पुष्पा देवी मौजूद रहे।