लोहाघाट (चंपावत)। ऊर्जा निगम की 11 केवी बिजली लाइन पर पेड़ गिरने से नगर के आसपास के कई गांवों की बिजली आपूर्ति 20 घंटे से अधिक समय तक बाधित रही। लाइनों में खराबी आने के चलते लोगों को अंधेरे में रात गुजारने के लिए मजबूर होना पड़ा। खाना बनाने के लिए लोगों को मोमबत्ती का सहारा लेना पड़ा।
ऊर्जा निगम के अभियंता ललित बिष्ट ने बताया कि रविवार की शाम को ऋषेश्वर मंदिर के पास चिल्ड्रन पार्क में और नानबोरी पुल के पास 11 केवी बिजली लाइन पर पेड़ गिरने से बिजली की आपूर्ति ठप हो गई है। इस कारण रायनगर चौड़ी, फोर्ती, बनगांव, खूना, बलांई, अंडोली आदि गांवों में बिजली व्यवस्था बाधित रही। उन्होंने बताया कि सोमवार दोपहर करीब दो बजे बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी गई थी। सबसे अधिक दिक्कत रायनगर चौड़ी के लोगों को हुई। यहां पिछले कुछ दिनों से तेंदुआ लगातार आवाजाही कर रहा है। बिजली न होने के कारण डर से लोग घरों के बाहर नहीं आए।
बिजली नहीं आने से ठप रहे चौड़ी लिफ्ट पेयजल योजना के पंप
लाइन पर पेड़ गिरने से विद्युत आपूर्ति बाधित होने के चलते लोहाघाट में पेयजल आपूर्ति करने वाली चौड़ी लिफ्ट पेयजल योजना के पंप ठप पड़ गए। इसके चलते नगर के कई हिस्सों में पेयजल आपूर्ति बाधित रही। बीते रविवार को शाम करीब 5:30 बजे से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई थी। इससे चौड़ी लिफ्ट पेयजल योजना भी बंद हो गई थ। इसका असर सोमवार को देखने को मिला। आदर्श कॉलोनी, पिथौरागढ़ मार्ग, राय चक्की, हनुमान मंदिर, एलआई कार्यालय के पास समेत कई स्थानों पर पेयजल व्यवस्था चरमरा गई है। जल संस्थान के सहायक अभियंता पवन बिष्ट ने बताया कि बिजली नहीं आने से योजना ठप पड़ गई थी जिससे पानी नगर के मुख्य पेयजल टैंक में सप्लाई नहीं हो पाया। उन्होंने बताया कि दोपहर बाद विद्युत आपूर्ति सुचारु होने पर लिफ्ट पेयजल योजना से पानी की सप्लाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि मुख्य पेयजल टैंक में अतिरिक्त वाहनों के जरिये 120 केएल पानी रोज डाला जा रहा है। उन्होंने नगर के लोगों से सहयोग करने की अपील की है। संवाद
पाल बिलौना छेत्र में बत्ती गुल होने से लोग परेशान
चंपावत। जिले के पाल बिलोना क्षेत्र में रविवार शाम से बत्ती गुल है। इससे क्षेत्र के कोट अमोड़ी, सनर्का, छतकोट, अमोड़ी, दियूरी, चल्थी, दुधौरी, खतोली, लड़ा बोहरा, बेलखेत सहित अन्य गांवों की करीब 20 हजार की आबादी को रात अंधेरे में काटनी पड़ी। चार्ज नहीं होने से लोगों के फोन भी बंद हो गए हैं। इससे सूचनाओं का आदान-प्रदान नहीं हो पा रहा है। साथ ही लोगों के अन्य जरूरी कार्य नहीं हो पा रहे हैं। ऊर्जा निगम के जेई आशीष ने बताया कि लाइन में फाॅल्ट आ गया था जिसे ठीक किया जा रहा है। उन्होंने देर शाम तक आपूर्ति सुचारु होने की उम्मीद जताई है। संवाद