टनकपुर(चंपावत)। शारदा वन रेंज से सटे उचौलीगोठ और बस्टिया में एक बार फिर हाथी घुसने से ग्रामीणों में दहशत है।
बृहस्पतिवार रात में उचौलीगोठ में दो हाथी घुसे और ग्रामीणों ने शोर मचाकर उन्हें भगाया। बस्टिया गांव में आंधी और बारिश के बीच हाथी भी घुस आया और फसल रौंद दी।
ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द से जल्द हाथी के घुसने पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
ग्राम उचौलीगोठ के ग्रामीण सचिन महर ने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे दो हाथी गांव में घुस आए। ग्रामीणों ने शोर मचाकर भगाया। इसके बाद 3:30 बजे फिर गांव में हाथी घुस आए और सुबह पांच बजे तक शोर मचाने के बाद जंगल में लौटे।
ग्रामीण सचिन सिंह, सुंदरी देवी, हरीश सिंह महर के गेहूं की फसल को रौंद दिया। समाजसेवी राम सिंह धौनी ने बताया कि बस्तिया गांव में रात में हाथी घुसा।
ग्रामीणों को आहट नहीं सुनाई दी। सुबह देखा तो आनंद सिंह, इंद्र सिंह, लाल सिंह, जगदीश सिंह की गेहूं की फसल रौंदी हुई मिली। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन तक हाथी नहीं आया लेकिन अब फिर गांव में घुसने लगा है।