चंपावत। जिला मुख्यालय के जिला कार्यालय सभागार में सोमवार को डीएम नवनीत पांडे की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक का आयोजन हुआ। इस दौरान निगरानी के लिए तकनीकी उपायों को भी बढ़ावा देने का निर्णय लिया। डीएम ने पुलिस विभाग को सड़कों पर निगरानी के लिए डैश कैमरा और बॉडी कैमरा का उपयोग करने के लिए निर्देशित किया। इससे यातायात नियमों के उल्लंघन पर तत्काल और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
डीएम ने सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न विभागों से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा जिले में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। शराब पीकर वाहन चलाने, मोबाइल फोन का उपयोग करने, सीट बेल्ट और हेलमेट का प्रयोग न करने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
डीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग को गड्ढा मुक्त बनाने के निर्देश दिए और कहा कि सड़क की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने रोड साइड ड्रेनेज सिस्टम को प्रभावी बनाने, ओवरलोडिंग पर नियंत्रण रखने, तेज रफ्तार की घटनाओं को कम करने के सख्त आदेश दिए। महत्वपूर्ण स्थलों पर रोड साइन बोर्ड दुरुस्त रखने के आदेश दिए हैं। एनएच विभाग को इन कार्यों को शीघ्र करने के लिए निर्देशित किया।
एसपी अजय गणपति ने कहा कि यातायात नियमों का पालन ना करने वालों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ताकि जिले में सड़क दुर्घटना संबंधी मामलों में कमी संभव हो सके। दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट की अनिवार्यता सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान डीएफओ नवीन चंद्र पंत, एडीएम जयवर्धन शर्मा, एसडीएम अनुराग आर्य, संभागीय परिवहन अधिकारी सुरेंद्र कुमार, ईई लोनिवि एमसी पलड़िया, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल सहित एसएसबी, एनएच के अधिकारी मौजूद रहे।