चंपावत। जिले के पाटी ब्लाॅक के स्वास्थ्य केंद्र चौड़ा मेहता और भिंगराड़ा एक फार्मासिस्ट के भरोसे चल रहा है। फार्मासिस्ट को तीन-तीन दिन की तैनाती दी गई है।
जिले के स्वास्थ्य केंद्र भिंगराड़ा में तैनात फार्मासिस्ट को स्वास्थ्य केंद्र चौड़ा मेहता का अतिरिक्त चार्ज दिया है। इससे उन्हें तीन-तीन दिन दोनों स्वास्थ्य केंद्रों में डयूटी करनी पड़ती है। इससे स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों को दवा सहित अन्य प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्वास्थ्य केंद्र में तैनात वार्ड बॉय को मरीजों को दवा बांटनी पड़ रही है। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता अनिल वर्मा मोहन चंद्र, महेश चंद्र, रमेश सिंह, पान सिंह आदि का कहना है कि विधायक, सांसद और जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी से भी लोगों ने गुहार लगा दी लेकिन स्वास्थ्य केंद्र में फार्मासिस्ट की तैनाती नहीं हुई है। उन्होंने क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्र में जल्द से जल्द स्थायी फार्मासिस्ट की तैनाती की मांग की है। सीएमओ डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि अभी अस्थायी तौर पर व्यवस्था की गई है। जल्द ही स्थायी व्यवस्था की जाएगी।