बनबसा (चंपावत)। बारिश में रेलवे की ओर से बनाए नए अंडरपाथ में जलभराव से आवागमन करने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने रेलवे अंडरपाथ की जगह फ्लाईओवर बनाने की मांग उठाई है।
बनबसा टनकपुर में रेलवे ने पिछले वर्ष फागपुर, सेना छावनी और मनिहारगोठ में रेलवे फाटक बंद कर अंडरपाथ बनाए थे। लोगों के अलावा गौरव सेनानी कल्याण समिति पदाधिकारियों ने रेलवे के अंडरपाथ निर्माण का विरोध जताया था। कहा कि बरसात में भूमिगत जल के ऊपर आने से वहां अंडरपाथ पर जलभराव होगा लेकिन रेलवे ने कोई ध्यान नहीं दिया। इस समय जरा सी बारिश में रेलवे के तीनों अंडरपाथ में जलभराव से वहां से आवागमन करना दूभर हो रहा है। गौरव सेनानी कल्याण समिति अध्यक्ष कैप्टन भानी चंद, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, सांसद प्रतिनिधि संजय जोशी, निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य पुष्कर दत्त कापड़ी ने बनबसा क्षेत्र के रेलवे अंडरपाथ को बरसात के दौरान बड़ी समस्या बताया है। कहा कि पचपकरिया, फागपुर, भजनपुर, चंदनी, सैलानीगोठ, महिनारगोठ, सेना छावनी परिसर, केवि आदि के लोगों को छह माह दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।