बनबसा (चंपावत)। पहाड़ों में हुई बारिश से बनबसा क्षेत्र के पश्चिमी छोर पर बहने वाली हुड्डी नदी में काफी पानी प्रवाहित होने से आनंदपुर के ग्रामीण चिंतित हो उठे। गनीमत रही कि जल्द ही नदी का पानी कम हो गया। इससे ग्रामीणों को राहत मिली।
शुक्रवार की सुबह हुड्डी नदी में अचानक काफी पानी आ गया। इससे आनंदपुर के ग्रामीण चिंतित हो उठे। ग्रामीणों ने बताया कि नदी का पानी गांव की सीमा तक पहुंच गया था लेकिन ओवरफ्लो होने से पहले ही पानी कम होने लगा। नदी में अत्यधिक पानी बहने से नदी की धारा परिवर्तन कार्य में बाधा पैदा हुई।
ग्रामीण और सामाजिक कार्यकर्ता जनक चंद ने बताया कि प्रतिवर्ष हुड्डी नदी के उफान में आने से गांव को खतरा पैदा होता है लेकिन शासन-प्रशासन पुख्ता इंतजाम करने में लापरवाही कर रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि नदी तट पर बनने वाले वायरक्रेट्स का कार्य भी अभी तक शुरू नहीं किया जा सका है जिससे ग्रामीणों में रोष है। आनंदपुर वासी किशन चंद, नरेश चंद, मदन चंद, चंद्रीचंद, गुमान सिंह भंडारी, शांति देवी आदि ने शीघ्र वायरक्रेट्स बनाने की मांग की है। संवाद