बनबसा (चंपावत)। छात्र संघ चुनाव तिथि घोषित करने की मांग के लिए छात्र-छात्राओं ने उच्च शिक्षा मंत्री और कुलपति का पुतला फूंका। उन्होंने प्रभारी प्राचार्य के माध्यम से एसएसजे अल्मोड़ा के कुलपति को ज्ञापन भेजा।
शुक्रवार को महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने छात्र संघ अध्यक्ष पद की दावेदार छात्रा निशा भट्ट के नेतृत्व में उच्च शिक्षा मंत्री और कुलपति के खिलाफ नारे लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार पालिका चुनाव को किसी ने किसी बहाने आगे खिसका सकती है लेकिन छात्रसंघ चुनाव के लिए कैलेंडर का मानक तय किया गया है। अगर मानक की बात ही है तो फिर सरकार को सभी महाविद्यालयों में पर्याप्त स्टाफ, पर्याप्त मात्रा में नए विषयों को खोलने का काम करना चाहिए। कैलेंडर के हिसाब से तो कुछ चल नहीं रहा है। छात्र हितों का हनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर छात्रसंघ चुनाव की तिथि घोषित नहीं की गई तो महाविद्यालय में तालाबंदी करने के लिए मजबूर होंगे। पुतला फूंकने में विशाल प्रसाद, रोहित मंडल, सौरभ कापड़ी, प्रीतम, कुलदीप, आस्था, वर्षा, गरिमा, विनेश, प्रीती, नंदनी, सुगंध, हेमा, अंकित आदि शामिल रहे।