चंपावत। डीएम मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला सभागार में जनता मिलन कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस दौरान सड़क, पानी और लावारिस पशुओं से संबंधित समस्याएं उठाईं। इसमें कुल 17 शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित कर संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए।
सोमवार को गंगनोला के चेतराम ने अपने पुत्र को उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट में वार्ड बॉय पद पर स्थायी या संविदा नियुक्ति करने, ककनई ग्राम के जगदीश चंद्र परगाई ने जल निगम के सोलर पंपिंग योजना में धूप की कमी के कारण पंप बंद होने और बिजली कनेक्शन देने, पानीनोला से लाधोरी तोक तक क्षतिग्रस्त सीसी मार्ग की मरम्मत, ककनई की एकल पेयजल योजना में बारिश के कारण क्षतिग्रस्त संरचना से जलापूर्ति बाधित होने, ग्राम ढकना बडोला के रमेश सिंह ने ग्राम सभा डूंगरासेठी में खाता संख्या में दर्ज खेत की जांच, हेलागोठ (चंदनी) बनबसा के ग्रामीणों ने बिजली और हर घर जल हर घर नल योजना के अधूरे कार्यों की शिकायत, तल्ला बापरू के गोविंद सिंह ने पीएमजीएसवाई सड़क से संबंधित मुद्दा रखा।
पड़ासूसेरा के लोकमान अधिकारी ने क्वारखोली में सड़क डामरीकरण, ग्राम पंचायत एड़ी गुरौली के जगदीश सिंह बिष्ट ने लावारिस पशुओं को गोशाला भेजने, निसार अहमद ने अपने कार्य का भुगतान लंबित होने, कतारमाफी के लक्ष्मण सिंह ने एमएसएमई योजना के तहत पोल्ट्री फार्म संचालन में आ रही समस्या रखी। साथ ही हेतराम, डिकर देव, लोहाघाट के प्रहलाद मेहता और सुनीता तिवारी ने समस्याओं के बारे में बताया। डीएम ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान डीएफओ नवीन चंद्र पंत, सीडीओ डॉ. जीएस खाती, एडीएम जयवर्धन शर्मा, एसडीएम अनुराग आर्य, लोहाघाट नितेश डांगर, टनकपुर आकाश जोशी, सीईओ मेहरबान सिंह बिष्ट सहित अन्य मौजूद रहे।