लोहाघाट (चंपावत)। चंपावत जिले का सबसे अधिक ओपीडी वाला उप जिला अस्पताल लोहाघाट इलाज के नाम पर रेफर सेंटर बनकर रह गया है। अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों के अधिकतर पद लंबे समय से खाली हैं। इससे जरूरतमंद लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को बाहरी अस्पतालों में जाना पड़ रहा है। अस्पताल की अव्यवस्थाओं को दूर करने, विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती की मांग जनता और जन प्रतिनिधि कर चुके हैं लेकिन समस्या जस की तस है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की विधानसभा से लगा हुआ लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र का सबसे बड़ा अस्पताल सुविधाओं के अभाव में मात्र रेफर सेंटर बनकर रह गया है। अस्पताल के कुछ डॉक्टर संसाधन उपलब्ध नहीं कराने का हवाला देकर ड्यूटी पर नहीं आ रहे हैं। उप जिला अस्पताल में पाटी, बाराकोट, लोहाघाट ब्लाकों से प्रतिदिन 250 से अधिक मरीज आते हैं। विशेषज्ञ डॉक्टर नहीं होने से रोगियों को निराश होकर लौटना पड़ता है।
अस्पताल में दो वर्ष पहले स्वास्थ्य विभाग की ओर से लाखों रुपये खर्च कर आईसीयू यूनिट स्थापित की थी। आईसीयू के संचालन के लिए स्टाफ की तैनाती नहीं किए जाने से यह उद्घाटन के बाद से बंद पड़ा हुआ है। अस्पताल में बना ट्रामा सेंटर ओपीडी, टीकाकरण के काम आ रहा है। ट्रामा सेंटर के संचालन के लिए भी स्टाफ की तैनाती करने में स्वास्थ्य महकमा नाकाम रहा। अस्पताल में लगा ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट करीब डेढ़ साल से खराब है। अस्पताल के अधिकतर ऑक्सीजन सिलिंडर खाली हैं लेकिन स्वास्थ्य विभाग मूकदर्शक बना है।
अस्पताल में करीब दो वर्ष पूर्व आईसीयू यूनिट स्थापित की गई थी। आईसीयू के संचालन के लिए स्टाफ की तैनाती नहीं होने से इसका संचालन नहीं हो पा रहा है। स्टाफ मिलने के बाद आईसीयू का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। अस्पताल में रिक्त विशेषज्ञ डॉक्टरों के पदों को भरने के लिए समय-समय पर उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा जाता रहा है। -डॉ. जुनैद कमर, चिकित्साधीक्षक, उप जिला अस्पताल, लोहाघाट।
इन विशेषज्ञ डॉक्टरों के पद हैं खाली
लोहाघाट (चंपावत)। उप जिला अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों के पद रिक्त होने से मरीजों को स्थानीय स्तर पर इलाज नहीं मिल पा रहा है। अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, अस्थि रोग विशेषज्ञ, सर्जन, फिजीशियन, ईएनटी सर्जन के पद रिक्त हैं। विशेषज्ञ डॉक्टरों के पद रिक्त होने पर लोगों को बाहरी अस्पतालों की दौड़ लगानी पड़ रही है जिससे लोगों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संवाद
ये विशेषज्ञ डॉक्टर हैं तैनात
लोहाघाट (चंपावत)। उप जिला अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों में नेत्र रोग विशेषज्ञ, निश्चेतक, रेडियोलॉजिस्ट तैनात हैं। इनकी ओर से मरीजों का इलाज किया जा रहा है। संवाद
टांण के डॉक्टर से चल रहा रीठा साहिब का अस्पताल
रीठा साहिब (चंपावत)। रीठा साहिब के डॉ. मयंक डिमरी के चार धाम यात्रा की ड्यूटी में जाने के बाद रीठा साहिब के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का संचालन कठिन हो रहा है। व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने रीठा साहिब से 20 किलोमीटर दूर टांण से डॉक्टर को भेजा है। सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल ने बताया कि टांण अस्पताल के डॉ. गुरमीत सिंह को फिलहाल रीठासाहिब संबद्ध किया गया है। इस संबद्धता से टांण का अस्पताल बिना डॉक्टर के चल रहा है। संवाद