ग्राम पंचायत ककनई के त्योड़ा तोक के लोग बीते दो महीनों से पेयजल को तरस रहे हैं।
ग्रामीणों को दूरदराज से पानी ढोकर प्यास बुझानी पड़ रही है। इस संबंध में ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन भेज व्यवस्था ठीक करने की मांग की है।
ककनई ग्राम पंचायत के त्योड़ा तोक के करीब 30 परिवार दो माह से पानी संकट से जूझ रहे हैं। सामाजिक कार्यकर्ता बिशन सिंह का कहना है कि लोनिवि के मार्ग निर्माण के दौरान त्योड़ा में लधौली पेयजल योजना क्षतिग्रस्त हो गई। ग्रामीणों ने योजना की अविलंब मरम्मत करने की मांग की है।
एसडीएम सीमा विश्वकर्मा ने लोनिवि से क्षतिग्रस्त योजना की मरम्मत करने की मांग की है। उधर, लोनिवि के अधिशासी अभियंता डीडी भट्ट ने कहा कि जल्द ही क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत करा ली जाएगी।