क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों ने लोगों की नींद उड़ा दी है। चोरियों का खुलासा नहीं होने से लोगों में पुलिस के प्रति नाराजगी है। क्षेत्र के व्यापारी, जन प्रतिनिधि और लोगों ने मंगलवार को गुस्सा जतातेे हुए एक घंटे तीन मिनट तक थाने का घेराव किया। सीओ पीएस कफलिया द्वारा चोरियों का शीघ्र खुलासा करने के आश्वासन देने के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ। आक्रोशित लोगों ने 15 दिन के भीतर चोरियों का खुलासा करने की मांग की।
सोमवार को चोर दिनदहाड़े डाक बंगला सड़क में वीडीओ कैलाश गड़कोटी के घर से 20 तोला सोना, 68 हजार रुपये चुरा ले गए। मंगलवार को नगर पंचायत अध्यक्ष लता वर्मा, व्यापार संघ अध्यक्ष भैरव राय, एडवोकेट नवीन मुरारी, पूर्व चेयरमैन भूपाल मेहता, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष राजू गड़कोटी आदि के नेतृत्व में जवाहर पार्क से थाने तक जुलूस निकाला गया।
इस दौरान नागरिकों ने थाने का घेराव कर जोरदार नारेबाजी की। आक्रोशित लोग एसपी को लोहाघाट बुलाने की मांग पर अड़े रहे। कहा कि नगर क्षेत्र में बमुश्किल दो माह से कम समय के भीतर पांच चोरियां हो चुकी हैं। इनमें से चार चोरियों का सुराग नहीं लग सका है। लोगों के आक्रोश को देखते हुए सीओ कफलिया लोहाघाट थाने पहुंचे। उन्होंने लोगों को जल्द ही चोरियों का खुलासा करने के लिए अतिरिक्त पुलिस की टीम तैनात करने का आश्वासन दिया।
नागरिकों ने 15 दिनों के भीतर चोरी का खुलासा नहीं करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। थाने में पुलिस कर्मियों की संख्या बढ़ाने के साथ गश्त बढ़ाने की मांग को लेकर एसपी को संबोधित ज्ञापन सीओ को सौंपा। विरोध-प्रदर्शन में गणेश खर्कवाल, दीपक जोशी, दीपक सुतेड़ी, विक्की ओली, मोहित पाठक, हरीश पुनेठा, कमल वर्मा, राजा, जगदीश कुमार, रवि देव, नजर सिद्दीकी आदि थे।
छह लोगों से हुई पूछताछ, पुलिस दल ने किया मुआयना
सोमवार को हुई चोरी के सिलसिले में पुलिस ने छह लोगों से पूछताछ की है। मामले की जांच खुद थानाध्यक्ष बीएस बृजवाल कर रहे हैं। एसओ के अलावा खुलासे के लिए हरीश प्रसाद और अरविंद कुमार के नेतृत्व में दो और टीमें बनाई गई है। एसओजी टीम की मदद भी ली जा रही है। दरोगा हरीश प्रसाद के नेतृत्व में जांच दल का गठन किया गया है।
सीओ पीएस कफलिया, एसओ बीएस बृजवाल ने मंगलवार को दलबल के साथ डाकबंगला मार्ग में वीडीओ कैलाश गड़कोटी के घर का मुआयना किया। वहीं एसओ का कहना है कि व्यापारी की चोरी हुई स्कूटी का शीघ्र ही खुलासा हो जाएगा। इस संबंध में पुलिस को कई अहम सुराग लगे हैं।