चंपावत। कोविड कर्फ्यू के दौरान जिले में नकदी की किल्लत झेल रहे सामाजिक सुरक्षा पेंशनरों के लिए अच्छी खबर है। समाज कल्याण विभाग ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को तीन माह की पेंशन की राशि जारी कर दी गई है।
विभाग की ओर से अप्रैल से जून तक की पेंशन का भुगतान बैंक खातों के माध्यम से भेज दिया गया है। जिला समाज कल्याण अधिकारी आरएस सामंत ने बताया कि वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, परित्यक्ता, तीलू रौतेली, बौना और किसान पेंशन के लाभार्थियों को तीन माह के अंतराल में पेंशन का भुगतान किया जाता है।
इस माह जारी पेंशन अप्रैल से जून तक की है। विभाग की ओर से लाभार्थियों के खाते में भुगतान के लिए करीब नौ करोड़ रुपये की पेंशन राशि विभिन्न बैंकों को भेज दी गई है। (संवाद)
इन पेंशन योजना के लाभार्थियों को मिलेगा लाभ
पेंशन योजना का नाम लाभार्थियों की संख्या
वृद्धावस्था पेंशन 13932
विधवा पेंशन 6442
दिव्यांग पेंशन 2272
किसान पेंशन 1325
परित्यक्ता पेंशन 363
पोर्टल पर अपलोड की जा रही अनाथ बच्चों की जानकारी
चंपावत। समाज कल्याण विभाग की ओर से कोरोना महामारी के कारण माता-पिता में से किसी एक या दोनों को खो चुके बच्चों की जानकारी विभागीय पोर्टल पर अपलोड की जा रही है।
जिला प्रोबेशन अधिकारी आरएस सामंत ने समेकित बाल कल्याण सेवा से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को इसका प्रशिक्षण दिलाया है। इस दौरान विधि सह परिवीक्षा अधिकारी द्वारिका शर्मा, हिमांशु उप्रेती, सुनील रावत, आशीष सिंह, ममता जोशी, पुष्पा सामंत आदि रहे।