चंपावत। नेपाल सीमा से सटे गांवों के लोगों को सड़क न होने का खामियाजा अक्सर भुगतना पड़ रहा है। उबड़खाबड़ रास्ते से गिर कर चोटिल भनार गांव की एक महिला को अस्पताल लाने के लिए नौ किमी दूरी तक डोली का सहारा लेना पड़ा। डोली के बाद 37 किमी जीप से महिला को अस्पताल लाया गया। इलाज के बाद महिला की हालत ठीक है।
तल्लादेश क्षेत्र के सौराई ग्राम पंचायत के भनार गांव की गीता देवी (39) पत्नी शंकर सिंह गांव में घायल हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि सोमवार को महिला को नौ किमी डोली से भनार से लेटी तक लाया गया। इस फासले को पूरा करने के लिए पांच घंटेे से अधिक समय लगा। लेटी से महिला को जीप से अस्पताल लाया गया। इलाज के बाद डॉक्टरों ने महिला के स्वास्थ्य में सुधार बताया है। बीडीसी सदस्य रंजना बोहरा, ग्राम प्रधान विद्या देवी आदि का कहना है कि सड़क की कमी भनार के लोगों के लिए मुसीबत बनी है। यहां की रोड को लेकर नवरात्र से विरोध, प्रदर्शन की चेतावनी दी गई है।