गिरीश और धीरज मोहन बने विजेता
- फोटो : अमर उजाला
खेलो इंडिया खेलो के तहत जिलास्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न हो गई है। तीन दिनी प्रतियोगिता के अंतिम दिन बालकों की अंडर 17 एथलेटिक्स और कबड्डी का आयोजन हुआ। चार सौ मीटर रेस में चंपावत के गिरीश चंद्र और फर्राटा में धीरज मोहन चैंपियन बने। पहले तीन स्थान पर आने वाले प्रतिभागियों के खाते में 1500, 1000 और 500 रुपए की धनराशि जमा की जाएगी। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 12 दिसंबर से देहरादून में होगी।
युवा कल्याण विभाग की ओर से हुई चार सौ मीटर रेस में चंपावत के अमित और दिनेश, फर्राटा में सूरज और राहुल दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। सौ गुणा चार रिले रेस में चंपावत ब्लाक पहले, लोहाघाट दूसरे और पाटी तीसरे स्थान पर रहा। गोला फेंक में चंपावत के विजय पहले, चंपावत के ही अंशुमन दूसरे और लोहाघाट के अनुराग तीसरे स्थान पर रहे।
लंबी कूद में चंपावत के अनिल, बाराकोट के सूरज और लोहाघाट के शिवम अव्वल रहे। कबड्डी में बाराकोट ब्लाक पहले, चंपावत दूसरे और लोहाघाट तीसरे स्थान पर रहा। निर्णायक महेंद्र बोहरा, प्रदीप बोरा, चंदन अधिकारी, अमित वर्मा, रचित वल्दिया, प्रकाश जोशी, रघुराज देउपा और दिनेश नेगी थे। युवा कल्याण अधिकारी हरीश जोशी और बीओ बीएस रावत ने सभी का आभार जताया।