पाटी पीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ.आभाष सिंह को दो लाख रुपये का चेक देते सीएम।
- फोटो : अमर उजाला
चंपावत जिले के सबसे बेहतरीन अस्पताल का सम्मान पाने वाले पाटी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पुरस्कृत किया। बुधवार को देहरादून में हुए कार्यक्रम में सीएम ने पाटी पीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आभाष सिंह को कायाकल्प योजना के अंतर्गत दो लाख रुपये का चेक दिया।
केंद्र की कायाकल्प योजना के तहत पाटी अस्पताल को जिले में स्वच्छता, साफ-सफाई और संक्रमण नियंत्रण के लिए लगातार दूसरी बार चयनित किया गया है। पाटी अस्पताल को 85.30 प्रतिशत अंक मिले हैं। डॉक्टर, स्टाफ की कमी और सीमित संसाधन के बावजूद बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए इस अस्पताल का चयन कायाकल्प योजना के अंतर्गत हुआ है।
डॉ. आभाष सिंह ने बताया कि पुरस्कार में मिली दो लाख रुपये की रकम का उपयोग चिकित्सा सेवा के लिए किया जाएगा। इसके अलावा पुलहिंडोला के अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को भी 84.70 प्रतिशत अंक के साथ एक लाख रुपये का पुरस्कार मिला।
सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी ने बताया कि कायाकल्प योजना का उद्देश्य बेहतर चिकित्सकीय सुविधा देने के अलावा बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, साफ-सफाई, पेयजल, बिजली आदि व्यवस्थाओं को बेहतर करना है।