पुल्ला-चमदेवल मोटर मार्ग में लोनिवि द्वारा मिट्टी डालकर किया गया गड्ढों का भरान।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। पुल्ला-चमदेवल मोटर मार्ग की बदहाली पर ग्रामीणों ने गहरी नाराजगी जताई है। लोनिवि की ओर से मोटर मार्ग में बने गड्ढों को मिट्टी से भरने का ग्रामीणों ने विरोध किया है। उन्होंने इन गड्ढों को डामर से जल्द भरने की मांग की। अन्यथा आंदोलन की चेतावनी दी है।
मदन कलौनी, युगल धौनी आदि ने बताया कि 10 अप्रैल से प्रसिद्ध चैतोला मेला शुरू होने वाला है। इसमें हजारों लोग पहुंचते हैं लेकिन पुल्ला से चमदेवल तक की सड़क पर कई जगह गड्ढे बने हैं। इन गड्ढों को भरने के लिए कई बार लोनिवि से मांग की जा चुकी है, लेकिन लोनिवि की ओर से ग्रामीणों की मांग को अनसुना किया जा रहा है। कहा कि कुछ समय पूर्व लोनिवि की ओर से मोटर मार्ग पर डामर किया गया था, जो उखड़ने लग गया था। ग्रामीणों ने सड़क को गड्ढामुक्त करने की मांग की तो लोनिवि इन गड्ढों में मिट्टी भरकर लीपापोती कर रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि उनकी उपेक्षा किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इधर लोनिवि के ईई बीसी भंडारी का कहना है कि चैतोला मेले की तैयारी के लिए इस सड़क के गड्ढों को मिट्टी से पाटा जा रहा है। सड़क किनारे झाड़ियों का कटान किया जा रहा है। बजट मिलते ही इसमें डामरीकरण किया जाएगा।