पिथौरागढ़ पैंथर्स और कार्बेट एफसी टाइगर्स ने जीते मैच
- फोटो : अमर उजाला
नैनीताल एफसी लेक और कार्बेट एफसी टाईगर्स के रोचक मुकाबले के साथ ही उत्तराखंड सुपर लीग फुटबॉल मैच संपन्न हो गए। मैच के अंतिम क्षण में कार्बेट एफसी टाईगर्स ने विजयी गोल दागकर नैनीताल को 2-1 हरा दिया। इससे पहले खेले गए मैच में पिथौरागढ़ पैंथर्स ने ऊधमसिंह नगर वारियर्स को 6-0 से हराकर जीत दर्ज की। मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री हरीश रावत के पुत्र वीरेंद्र रावत ने प्रतियोगिता का समापन किया।
उत्तराखंड राज्य फुटबाल एसोसिएशन के निर्देशन में उत्तराखंड एडवेंचर स्पोर्ट्स प्रा.लि. देहरादूर द्वारा आयोजित सुपर लीग फुटबाल मैच के अंतिम दिन पहला मैच पिथौरागढ़ पैंथर्स और ऊधमसिंह नगर वारियर्स के बीच खेला गया। पिथौरागढ़ के सौरभ रावत ने पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। मध्यांतर के बाद के पिथौरागढ़ के खिलाड़ियों ने ऊधमसिंह नगर को 6-0 से हरा दिया। मैच के रेफरी सुब्रत पुुरोहित थे। निर्णायक मंडल में पालसन मोरिस, सूरज भाकुनी, महेंद्र फर्स्वाण शामिल थे।
दूसरा मैच नैनीताल एफसी लेक और कार्बेट एफसी टाइगर्स के बीच हुआ। मध्यांतर के बाद नैनीताल के अमनदीप सिंह ने पहला गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई, लेकिन अगले ही क्षण कार्बेट के जिगमे रोरेंबे ने भी गोल कर मुकाबला बराबर कर दिया। अंतिम क्षणों में कार्बेट एफसी टाइगर्स के अशोक कालाकोटी ने दूसरा गोल कर टीम को जीत दिला दी। सुपर लीग के चेयरमैन टेक्निकल धीरेंद्र सिंह और समन्वयक नरेंद्र सिंह ठकुराठी ने मैचों के सफल आयोजन में सहयोग देने वालों का आभार जताया। आयोजन में लक्ष्मण सिंह पाटनी, रामायण प्रसाद, गौरव खोलिया, प्रकाश सिंह, दिलदार अली, मो. मोहसीन, शेरू, दीपक सेठी, रेखा पांडेय, ईसान दत्त, मोहन सिंह, चिकित्सा अधीक्षक डा. एचएस ह्यांकी आदि ने सहयोग दिया।