पाटी (चंपावत)। विकासखंड पाटी के झलकपुर और कनारी गांव के जंगलों में आग लगने से वन संपदा को काफी नुकसान पहुंचा है। जंगल की आग आबादी तक पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत मच गई। करीब दो घंटे से अधिक की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों की ओर से आग पर काबू पाया गया।
मंगलवार की देर शाम को झलकपुर और कनारी के जंगलों में एकाएक आग लग गई। कुछ ही समय में जंगल की आग तेजी के साथ आबादी की ओर पहुंच गई। आग को आबादी की ओर बढ़ता देख ग्रामीणों ने आग बुझाना शुरू कर दिया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर जैसे तैसे ग्रामीणों ने काबू पाया। आग से करीब दो हेक्टेयर वन संपदा को नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल में लग रही आग से वन कर्मियों को कोई लेना देना नहीं है।
झलकपुर के पास से ही बिस्सा बिगरकोट, कूंड़ का जंगल लगा हुआ है। जंगलों में लगी आग से क्षेत्र में फैले धुएं और धुंध से लोगों का जीना मुश्किल बना हुआ है। ग्राम प्रधान दीपक भट्ट, बसंत भट्ट, दया कृष्ण, महेश भट्ट, रमेश भट्ट, सोनू, किशोर, कमल, राधा देवी, किरण भट्ट, महेश्वरी देवी, पार्वती देवी, गीता देवी, लक्ष्मी देवी, दीपा देवी विनोद भट्ट आदि ग्रामीणों ने आग बुझाने में सहयोग किया।