राजकीय महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव को लेकर उपजे विवाद से बुधवार को भी सुबह से ही तनाव की स्थिति बनी रही, लेकिन पुलिस सुरक्षा में प्रशासन ने कॉलेज खुलवा दिया है। चुनाव की तिथि घोषित करने की मांग को लेकर छात्रों का एक गुट कॉलेज गेट पर धरने पर डटा रहा। वहीं, कॉलेज की शिकायत निवारण प्रकोष्ठ की टीम ने अध्यक्ष पद के प्रत्याशी नरेश सिंह फिरमाल के नामांकन की वैद्यता पर लगी आपत्ति की जांच कर रिपोर्ट विश्वविद्यालय प्रशासन को भेज दी है। सूत्रों के अनुसार आपत्ति खारिज होने की संभावना अधिक है। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि जल्द नई तिथि तय कर चुनाव कराए जाएंगे।
बुुधवार को तीसरे दिन भी कॉलेज में खासी गहमा-गहमी का माहौल रहा। सुबह से ही अध्यक्ष पद के प्रत्याशी नरेश सिंह फिरमाल के समर्थक कॉलेज गेट पर धरने पर बैठ गए। उन्होंने कॉलेज प्रशासन से जल्द चुनाव की तिथि घोषित करने की मांग की। इधर, विवाद के बाद से बंद कॉलेज को प्रशासन ने पुलिस सुरक्षा के साथ खुलवा दिया है। प्राचार्या डा. जी प्रकाश ने बताया कि अध्यक्ष पद के प्रत्याशी फिरमाल के चुनाव लड़ने पर लगाई गई आपत्ति की जांच कर रिपोर्ट विश्वविद्यालय प्रशासन को भेज दी है। चुनाव की तिथि को लेकर भी विश्वविद्यालय प्रशासन को रिपोर्ट भेजी गई है। जल्द ही तिथि घोषित कर चुनाव संपन्न कराए जाएंगे।
बता दें कि सोमवार को अध्यक्ष पद के प्रत्याशी फिरमाल के नामांकन की वैद्यता पर आपत्ति लगाते हुए एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कॉलेज में जमकर हंगामा किया था। दोपहर से कॉलेज में प्राचार्या एवं स्टाफ का घेराव कर उन्हें रात तीन बजे तक बंधक बनाए रखा। इसके बाद कॉलेज प्रशासन ने दस अक्तूबर को प्रस्तावित छात्रसंघ चुनाव स्थगित कर कॉलेज बंद कर दिया था।