प्राथमिक विद्यालय मनिहार गांव के शौचालय का पिट खुला होने से यहां दुर्गंध रहती है। वहीं पिट खुला रहने से हादसे का अंदेशा भी बना है। शिक्षा विभाग द्वारा कई बार इसका निरीक्षण किया जा चुका है, लेकिन इसे बंद करने की जहमत अब तक नहीं उठाई गई है।
ग्राम प्रधान भय्यू बोहरा का कहना है कि लोहाघाट और चंपावत विधानसभा के बीच में स्थित खूनाबोरा ग्राम पंचायत के इस स्कूल की दुर्दशा की जानकारी अधिकारियों को दी गई। यहां तक कि क्षेत्र पंचायत समिति की बैठकों में इसे उठाए जाने के बाद भी सुध नहीं ली गई। इसी तरह यहां की पटवारी चौकी से लेकर आंगनबाड़ी केंद्र, प्राथमिक विद्यालय की स्थिति भी खराब है। इन तमाम मसलों की लगातार अनदेखी की जा रही है।