लोहाघाट सीएचसी में उपचार के लिए बारी का इंजतार करते रोगी।
- फोटो : अमर उजाला
राजकीय अस्पताल के अधिकतर डॉक्टर अवकाश और कैंप में है। मंगलवार को अस्पताल में तैनात 9 में से मात्र 2 डॉक्टर सेवाएं दे रहे थे, जबकि व्यवस्था के तहत पुलहिंडोला और चमदेवल अस्पताल से दो डॉक्टरों को यहां बुलाया गया है। अस्पताल में तैनात डॉक्टरों में से चार अवकाश में, एक परिवार नियोजन कैंप में, एक को चंपावत क्षय नियंत्रण में और एक डॉक्टर ज्वाइनिंग लेने के बाद से नहीं लौटे हैं। अस्पताल में सामान्य रोगियों और महिला रोगियों के लिए एक-एक डॉक्टर ही तैनात होने से मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मंगलवार को अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट डॉ.एलएम रखोलिया, दंत चिकित्सक शालिनी के अलावा चमदेवल अस्पताल से डॉ.जितेंद्र जोशी, पुलहिंडोला से डॉ.सोनाली मल्होत्रा ने रोगियों का इलाज किया गया। अस्पताल में 200 नए रोगियों सहित कुल 450 से अधिक रोगी रोजाना आ रहे हैं।
लोहाघाट अस्पताल में बाराकोट, लोहाघाट एवं पाटी से बड़ी संख्या में रोगी आते हैं, लेकिन यहां डॉक्टरों की कमी के चलते उन्हें चंपावत, खटीमा आदि स्थानों को जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। पंचेश्वर से आई दीपा देवी, रौंसाल के लक्ष्मण सिंह, बाराकोट के हयात सिंह आदि का कहना है कि अस्पताल में डॉक्टरों की कमी के चलते नंबर आने में काफी वक्त लग रहा है। इससे उन्हें घरों को लौटने में काफी दिक्कतें आती हैं।
रेडियोलॉजिस्ट से मिल रही राहत
अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट डॉ.एलएम रखोलिया के तैनात होने से महिला रोगियों को काफी राहत मिल रही है। प्रतिदिन 40 से अधिक गर्भवती महिलाओं के अलावा सामान्य रोगियों के अल्ट्रासाउंड किए जा रहे हैं। डॉ.रखोलिया द्वारा अस्पताल बंद होने के समय के बाद भी नंबर में लगे रोगियों का अल्ट्रासाउंड किया जा है। उन्हें हर सप्ताह बुधवार को पिथौरागढ़ जिला अस्पताल में संबद्ध किया गया है। इसके चलते यहां रोगियों को भारी दिक्कतें हो रही हैं।
अस्पताल में तैनात सर्जन डॉ.प्रभा जोशी सीसीएल, डॉ.चित्रलेखा जनवरी से चिकित्सावकाश पर चल रही हैं। चिकित्साधीक्षक डॉ.वीके जोशी 26 और डा.मंजीत सिंह 25 फरवरी तक अवकाश में हैं। डॉ.सोनाली मंडल 22 फरवरी तक परिवार नियोजन कैंप में ऊधमसिंह नगर, डॉ.फरीदुज्जफर को क्षय नियंत्रण विभाग चंपावत में संबद्ध किया गया है, जबकि अभिलाशा कोहली जुलाई में कार्यभार ग्रहण के बाद से काम पर नहीं आई हैं।
-डॉ.एलएम रखोलिया, प्रभारी चिकित्साधिकारी, लोहाघाट।