टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच पर धौन के पास मंगलवार रात एक कैंटर खाई में गिर गया। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक सहित चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मंगलवार रात करीब 8.45 बजे बनबसा से चंपावत आ रहा कैंटर (यूके 03/0473) मुख्यालय से करीब 14 किलोमीटर दूर धौन के पास 100 फुट गहरी खाई में गिर गया।
जानकारी मिलने पर कोतवाल बीसी शर्मा के नेतृत्व में तुरंत राहत दल मौके पर पहुंचा। पुलिस दल ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को निकाला। कैंटर में सवार पांचों लोग चंपावत के पास के गांव मुड़ियानी और छीड़ापानी गांव के निवासी बताए गए हैं।
कोतवाल के मुताबिक हरी राम (45) की मौके पर मौत हो गई, जबकि चालक कमल राम, शांति, नवीन राम, गिरीश राम चोटिल हो गए। सभी घायलों को आपात चिकित्सा 108 के जरिए जिला अस्पताल लाया गया। जहां मुख्य चिकित्साधीक्षक डा.आरके जोशी और सर्जन डा.आरपी खंडूरी ने इलाज किया। हादसे की वजह का पता नहीं चल सका है।