पुराने कपड़े एकत्र कर गरीबों को बांटे
- फोटो : अमर उजाला
क्षेत्र के युवाओं की एक टीम ने गरीब लोगों को ठंड से बचाने का बीड़ा उठाया है। युवाओं ने लाइव फाउंडेशन संस्था बनाकर घर-घर से पुराने कपड़े एकत्र कर उनकी धुलाई और सिलाई करने के बाद गरीबों को बांटे। ताकि गरीबों की इस बार ठंड से बचत हो सके।
मंगलवार को युवाओं की इस टोली ने सूखीढांग के मथियाबांज गांव में करीब चार सौ लोगों को कपड़ों की मदद पहुंचाई और उन्हें शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और नागरिक अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने लोगों से घरों में रखे अपने पुराने गर्म कपड़े गरीबों की सहायतार्थ देने की अपील की है।
संस्था के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को मथियाबाज में ग्राम प्रधान ईश्वर दत्त जोशी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में गरीब बच्चों, महिलाओं और पुरुषों को कपड़े प्रदान किए। इस मौके पर संस्था के ललित परिहार, सूरज सिंह चौहान, मदन मोहन तिवारी, भुवन भट्ट, चेतन जोशी और हर्ष साहनी आदि मौजूद थे।
उन्होंने बताया कि वैभव अग्रवाल, शिवराज सिंह कठायत, सुरेंद्र सिंह चौहान, नरेश अग्रवाल, विजय पाल एवं गोकुल सिंह परिहार आदि ने उनके इस अभियान को शुरू करने में सहयोग दिया है। उन्होंने कहा कि वेे लोगों से पुराने कपड़े एकत्र कर गरीबों की सहायता का यह अभियान जारी रहेगा।