टनकपुर गांधी ग्राउंड में अधूरा पड़ा निर्माणाधीन सांस्कृतिक मंच।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। टनकपुर के गांधी मैदान में मंच निर्माण के काम के लिए अब तीसरी एजेंसी तय कर दी गई है। 2018 से लटके इस काम को अब टनकपुर नगर पालिका कराएगी। जबकि इससे पूर्व उत्तराखंड पेयजल निर्माण निगम (सीएनडीएस) और सिंचाई विभाग को लाया गया था। सिंचाई विभाग ने तो अधूरे काम को करने से इनकार कर दिया था। उसके इनकार के बाद अब तीसरी एजेंसी नगर पालिका को तय किया गया है।
गांधी मैदान में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए मंच निर्माण के काम के लिए 2017 में सीमावर्ती क्षेत्र विकास कार्यक्रम (बीएडीपी) से दस लाख रुपये मंजूर हुए थे। इस रकम से सीएनडीएस ने लिंटर को छोड़ मंच निर्माण का बकाया कार्य पूरा किया। सीएनडीएस के अपर सहायक अभियंता बिजेंद्र सुयाल ने बताया कि 50 फीट लंबे और 30 फीट चौड़े मंच निर्माण की फाउंडेशन से लेकर दीवार का काम जुलाई 2018 में पूरा हो गया था। आगे का काम धन नहीं होने से नहीं हो सका। अब इसके बकाया काम व गांधी मैदान में स्थल विकास कार्य के लिए बीएडीपी से 15 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। टनकपुर नगर पालिका को इस काम की कार्यदायी संस्था बनाया गया है।
सिंचाई विभाग ने वापस की थी विधायक निधि
चंपावत। गांधी मैदान के मंच निर्माण के लिंटर के काम का जिम्मा 2018 में सिंचाई विभाग को दिया गया था। इसके लिए विभाग को विधायक निधि से चार लाख रुपये भी दे दिए गए थे। मगर विभाग ने एक ही काम को दो एजेंसी से कराने पर तकनीकी आधार पर सवाल उठाते हुए निधि की ही रकम वापस कर दी थी। ब्यूरो