साल के पहले दिन से जिले के शहरी क्षेत्रों के लोग केबल के जरिए टेलीविजन के अधिकांश कार्यक्रम नहीं देख पा रहे हैं। केवल फ्री-टू-एयर चैनल ही केबल कनेक्शनधारी देख पा रहे हैं। वहीं मनोरंजन कर निरीक्षक पंकज आर्य का कहना है कि डिजिटलाइजेशन नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं के चैनल ब्रेक हो गए हैं। डिजिटलाइजेशन की तिथि बढ़ाने की कोई जानकारी विभाग को नहीं है।
वहीं डिजिटलाइजेशन करने वाली अल्ट्रा केबल के स्वामी नवल जोशी और राजेंद्र बोहरा का कहना है कि पहली जनवरी से केबल से चलने वाले कनेक्शन कट गए हैं। अब जी, स्टार, सोनी, कलर्स और स्पोर्ट्स के पैकेज केबिल उपभोक्ता नहीं देख पा रहे हैं। अब वे महज फ्री-टू-एयर वाले 18 चैनल देख पा रहे हैं। इनमें समाचार, आध्यात्म और मनोरंजन के चुनिंदा चैनल ही हैं। पैड चैनलों के कटने से तमाम उपभोक्ता मायूस हैं और अब वे डिजिटलाइजेशन के लिए दौड़ लगाने लगे हैं। बता दें कि पहली जनवरी से डिजिटलाइजेशन को अनिवार्य रूप से लागू किया गया था, मगर अब तक जिले में करीब 550 सेटटॉप बॉक्स ही लग सके हैं, जबकि इससे पूर्व तक जिले में केबल के जरिए 2459 कनेक्शन थे।