कैश डिपॉजिट मशीन (सीडीएम) अब रुपये भी उगलेगी। इससे पहले इस मशीन में सिर्फ रकम ही जमा की जा सकती थी, लेकिन अब इस मशीन से एटीएम की तरह रकम निकाली जा सकती है। ये संभव हुआ है मशीन में लगाए गए नए साफ्टवेयर से। मशीन से सिर्फ करारे नोट ही निकलेंगे। फटे-पुराने नोट मशीन के दूसरे हिस्से में जमा हो जाएंगे। मशीन में इसके अलावा और भी कई खूबियां है। मशीन से रकम निकालने वाली तकनीक एक सप्ताह पूर्व लगाई गई है और अब इसका उपयोग भी शुरू हो गया है।
एसबीआई की चंपावत शाखा के मुख्य प्रबंधक ब्रह्मानंद निगम ने बताया कि परिसर में लगी सीडीएम मशीन नए कलेवर में है। इस मशीन से एक दिन में अधिकतम 40 हजार रुपये निकाले जा सकते हैं, जबकि एक दिन में रुपये जमा करने की कोई लिमिट नहीं है। अलबत्ता एक बार में 49,900 रुपये जमा करने की बाध्यता जरूर है। मशीन में 100, 500 और 1000 रुपये के नोट जमा किए जा सकते हैं। शुरुआत में इस मशीन में रकम जमा करने को एटीएम कार्ड का होना जरूरी था, लेकिन अब बिना एटीएम कार्ड के भी रकम जमा की जा सकती है।
मुख्य प्रबंधक ने बताया कि हिंदी, अंग्रेजी और बांग्ला भाषा में संचालित सीडीएम को चलाना आसान है। रकम जमा करने के लिए डिपॉजिट आप्शन को क्लिक करते हैं। इसके बाद मशीन में बने खाने में रकम डालने के बाद रुपये खुद-ब-खुद मशीन में चले जाते हैं। रकम जमा होने की तस्दीक मशीन से निकली पर्ची से होती है। मुख्य प्रबंधक निगम ने बताया कि वर्तमान में एसबीआई शाखा में तकरीबन 9 हजार खाताधारक है, जबकि 5400 एटीएम कार्डधारक हैं। सीडीएम मशीन फिलहाल सुबह आठ से शाम आठ बजे तक खोली जाएगी। वर्तमान में एक दिन में इस मशीन में तकरीबन 90 लोग रकम जमा कर रहे हैं। सीडीएम को लगे डेढ़ साल हो चुका है।
फर्जी नोट पकड़ने में माहिर है मशीन
सीडीएम फर्जी नोट पकड़ने में भी माहिर है। मुख्य प्रबंधक ने बताया कि मशीन में किसी भी हाल में फर्जी नोट जमा नहीं किए जा सकते हैं। मशीन फर्जी नोट को रिसाइकल कर दूसरे खाने में जमा कर देती है। मशीन में समरी दर्ज होती है, जिससे फर्जी नोट जमा होने वाले अकाउंट का पता चल जाता है। यदि किसी व्यक्ति के अकाउंट में चार से अधिक फर्जी नोट जमा होते हैं तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा सकती है। मुख्य प्रबंधक ब्रह्मानंद निगम ने बताया कि आरबीआई के नियमों के तहत यह कार्रवाई अमल में लाई जा सकती हैं। अलबत्ता अभी इस तरह का कोई केस सामने नहीं आया है।
ग्राहक खुद कर सकते हैं पासबुक में इंट्री
ग्राहकों की सुविधा के लिए बैंक ने सीडीएम के साथ ही पासबुक प्रिंटिंग मशीन भी लगाई है। अब कोई भी ग्राहक खुद ही मशीन में पासबुक डालकर खाते की डिटेल प्रिंट कर सकता है।