एंजिल्स एकेडमी में फीस में धांधली मामले में नोटिस जारी किया गया है। सर्वशिक्षा अभियान (एसएसए) के जिला परियोजना अधिकारी ने ये नोटिस भेजा है। नोटिस के जवाब के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही गई है।
कई अभिभावकों ने एंजिल्स एकेडमी पर मनमानी फीस का आरोप लगाया था। कैलाश जोशी सहित तमाम अभिभावकों का कहना था कि विद्यालय प्रबंध समिति की ओर से बिना पूर्व सूचना और अभिभावकों की सहमति के बिना 50 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी की गई है। एडमिशन फीस आठ हजार, रिएडमिशन फीस चार हजार रुपये ली जा रही है। साथ ही एक साथ तीन महीनों की फीस लेने का भी आरोप लगाया गया। इसे लेकर अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन के सम्मुख विरोध भी जताया। दोनों पक्षों के बीच हुई वार्ता के बाद भी कोई नतीजा नहीं निकला। अभिभावकों के विरोध के बाद अब शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रबंधन को नोटिस भेजा। एसएसए के जिला परियोजना अधिकारी सत्यनारायण ने नोटिस भेज 25 अप्रैल तक जवाब देने के आदेश दिए हैं।