लोहाघाट की लोहावती नदी को प्रदूषण से बचाने के लिए नगर पंचायत ने कवायद तेज कर दी है। दो महीने पूर्व डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय ने अधिकारियों के साथ इस नदी को साफ करने का बीड़ा उठाया था। अब नगर पंचायत ने नदी में गंदगी फेंकने वालों को चिन्हित करते हुए 184 लोगों को नोटिस थमाए हैं। पंचायत के इस कदम से लोगों में हड़कंप मच गया है।
नगर के कई लोग मकान के सीवर को सीधे नदी में छोड़ रहे हैं। शौचालयों का सीधा निकास नाली या नालों में कर लोहावती नदी को प्रदूषित किया जा रहा है।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी कमल कुमार ने बताया कि नगर क्षेत्र के ऐसे 184 लोगों को चिन्हित कर नोटिस भेजे गए हैं। एक माह के भीतर निकासी की सही व्यवस्था नहीं करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
कहा कि नगर पंचायत स्वच्छता के क्षेत्र में उत्तराखंड में नंबर वन की श्रेणी में आने के लिए व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता पैदा कर रही है। इसे लेकर विभिन्न वार्डों में खुली बैठकें भी कराई जा चुकी है। इसके बावजूद कुछ स्थानों पर लोग सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंक रहे हैं। ऐसे लोगों को भी चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।