बांट मापन विभाग की ओर से यहां केएमवीएन की गैस एजेंसी में सिलेंडरों और पेट्रोल पंपों में इलेक्ट्रानिक मीटरों की जांच की। निरीक्षण अभियान में गैस गोदाम और पेट्रोल पंपों में किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं पाई गई। इससे पूर्व विभाग की ओर से लगाए गए तीन दिनी शिविर का समापन किया गया। इस दौरान 40 व्यापारियों के तराजू और बांटों का सत्यापन किया गया।
तीन दिनी शिविर में 300 से अधिक व्यापारियों ने अपने अपने प्रतिष्ठानों के इलेक्ट्रानिक कांटों और बांट तथा तराजू आदि का नवीनीकरण कराया। बांट मापन विभाग की वरिष्ठ निरीक्षक शांति भंडारी ने बताया कि प्रयास किया जा रहा है कि जिला मुख्यालय में विभाग का कार्यालय शुरू हो सके। जिससे जिले के व्यापारियों को बांट मापन के लिए पिथौरागढ़ के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। इलेक्ट्रॉनिक कांटों के लिए एक साल का 225 रुपए शुल्क वसूला गया। पंजीकरण शिविर के संचालन में मनोज सिंह रछपाल, डीएस दानू, हरीश निर्खुपा आदि ने सहयोग किया।
लोहाघाट में 21 से लगेगा चार दिनी शिविर
बांट और मापन विभाग की वरिष्ठ निरीक्षक शांति भंडारी ने बताया कि व्यापारियों की सुविधा के लिए चंपावत जिले के लोहाघाट नगर में 21 से 24 मार्च तक चार दिनी पंजीकरण शिविर लगाया जाएगा। जिसमें व्यापारियों के बांट और तराजू में रिन्यू की मुहर लगाई जाएगी। उन्होंने क्षेत्र के व्यापारियों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।