लोहाघाट में बंद पड़ी अंग्रेजी शराब की दुकान।
- फोटो : अमर उजाला
नए वित्त वर्ष के पहले दिन चंपावत जिले में शराब की एक भी दुकान नहीं खुल सकी। इसकी वजह कुछ जगह विरोध, तो कहीं शराब कारोबारियों का अधिक राजस्व देने से इंकार करना है। शराब की दुकान बंद रहने से शराब के शौकीनों के हलक सूखे रहे।
राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच), राज्य राजमार्ग (एसएच) के 500 मीटर के दायरे तक शराब की दुकान पर पहली अप्रैल से लगे प्रतिबंध के बाद शनिवार को एक भी दुकान नहीं खुल सकी। कुछ जगह नई दुकानों के लिए स्थान तय किए गए, मगर लोगों के विरोध के चलते ये खुल नहीं सकी।
जिले की 16 शराब की दुकानों में से पहले दिन एक भी दुकान नहीं खुल सकी। जिला आबकारी अधिकारी दीपाली साह ने बताया कि ज्यादातर जगह शराब कारोबारी बढ़ा हुआ राजस्व देने को राजी नहीं है। पाटी, लोहाघाट, टनकपुर, बनबसा में एक-एक शराब कारोबारी फिलहाल दुकान लेने को तैयार है। जबकि चंपावत सहित अन्य जगह के कारोबारी राजस्व में कमी का आग्रह कर रहे हैं।