30 अप्रैल के अंधड़ के बाद अभी तक कई गांव में बिजली सप्लाई बहाल नहीं हुई है। इसके चलते लोगों को भारी दुश्वारी हो रही है। नाराज ग्रामीणों ने तीन दिन के भीतर आपूर्ति सुचारु नहीं होने पर सोमवार को बिजली विभाग के दफ्तर पर प्रदर्शन करने का अल्टीमेटम दिया है।
तल्लापाल क्षेत्र के झालाकुड़ी, नौलापानी, तलियाबांज, मथियाबांज, अमगड़ी, धूरा, चौड़ाकोट, तल्लादेश क्षेत्र के तामली आदि गांवों में बिजली संकट बना हुआ है। गांव के लोगों की रात अंधेरे में कट रही है। सामाजिक कार्यकर्ता पंडित शंकर दत्त जोशी का कहना है कि कई बार विभागीय अधिकारियों को जानकारी दिए जाने के बावजूद हालात जस के तस हैं। ग्रामीणों ने आपूर्ति बहाल नहीं होने पर 11 मई को प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। उधर बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर रमेश चंद्र पंत का कहना है कि क्षतिग्रस्त लाइनों को ठीक करने का काम तेजी से चल रहा है। जल्द ही आपूर्ति सुचारु हो जाएगी।