पुलिस, प्रशासन, व्यापारियों और टैक्सी संचालकों की बैठक में नगर की बदहाल यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए। तय किया गया कि एसडीएम कोर्ट चौराहे से मीना बाजार तक सुबह 9 बजे से 4 बजे तक चौपहिया वाहनों के लिए नो पार्किंग जोन रहेगा।
इस क्षेत्र में दुपहिया वाहन एक दिन सड़क के बाई तरफ और दूसरे दिन दाई तरफ खड़े होंगे। इसके अलावा रोडवेज स्टेशन से पंचेश्वर टैक्सी स्टैंड तक सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक चौपहिया वाहनों के लिए नो पार्किंग जोन होगा। नयी यातायात व्यवस्था 15 नवंबर से लागू की जाएगी।
आदर्श थाना परिसर में शुक्रवार को एसडीएम आरसी गौतम और सीओ पीएस कफलिया की मौजूदगी में हुई बैठक में मालवाहक वाहनों के लिए भी व्यवस्था में बदलाव किया गया है। स्टेशन बाजार में ओली भवन के आगे, जुकरिया भवन, उर्वी स्वीट, पुराना स्टेट बैंक, नया स्टेट बैंक, पिथौरागढ़ मार्ग पर शराब की दुकान से आगे तक एक समय में एक वाहन सामान उतारने, चढ़ाने के लिए खड़ा रहेगा।
मीना बाजार में लोनिवि कार्यालय, दीन दयाल चौक, गांधी चौक में 11 से दो बजे तक ही माल वाहनों ये सामान उतारा व चढ़ाया जा सकेगा। सकेंगे। इन जगहों में शाम चार बजे बाद भी सामान उतारा-चढ़ाया जा सकता है। एसडीएम आरसी गौतम ने कहा कि नगर की यातायात व्यवस्था को पटरी में लाने के लिए पुलिस प्रशासन से मिलकर आवश्यक खाका तैयार किया जा रहा है।
बैठक में व्यापार संघ अध्यक्ष भैरव दत्त राय, नवीन मुरारी, राजू गड़कोटी, मनीष जुकरिया, मानक चंद, कीर्ति बगौली,गोविंद वर्मा, सचिन जोशी, पंकज मुरारी, अमित जुकरिया, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष मदन सिंह धौनी, विक्रम सिंह अधिकारी, दीपक बोहरा, जगदीश बोहरा, मदन सामंत, बचन सिंह धौनी, दरोगा हेमंत कठायत आदि मौजूद थे।