वाहन चालक के वाहन में पैट्रोल भरते पंप कर्मी
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने दोपहिया वाहन सवारों को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनाने के लिए पेट्रोल पंपों को बिना हेलमेट पहने दोपहिया वाहन सवार को पेट्रोल न देने के आदेश दिए थे। इसके तहत बृहस्पतिवार को पेट्रोल पंप पर नो हेलमेट-नो पेट्रोल के बोर्ड भी लगाए गए थे। मगर उसके बावजूद पुलिस की यह योजना सफल नहीं हो पाई।
लोहाघाट के दोनों पेट्रोल पंपों में धड़ल्ले से बिना हेलमेट पहने दोपहिया वाहनों में पेट्रोल भरा जा रहा है। शिवालय मंदिर और पाटन पुल स्थित पेट्रोल पंपों में नो हेलमेट-नो पेट्रोल का साइन बोर्ड लगाया हुआ है, लेकिन वाहन सवार और पेट्रोल पंप कर्मियों द्वारा इसे नजरंदाज किया जा रहा है।। इस पर पंप कर्मियों का कहना है कि हेलमेट न पहने चालक को पेट्रोल न देने पर वह उनसे अभद्रता पर उतारू हो रहे हैं। मजबूरन उनके वाहनों में पेट्रोल भरा जा रहा है।
पेट्रोल न देने पर अभद्रता कर रहे लोग : पेट्रोल पंप संचालक
पेट्रोल पंप संचालक ईश्वरीदत्त पंत का कहना है कि पुलिस द्वारा पेट्रोल पंप के पास साइनबोर्ड लगाकर बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं मिलने का आदेश जारी किया है। वहीं अधिकांश लोग बिना हेलमेट पहने पेट्रोल भराने आ रहे हैं। पेट्रोल नहीं देने पर कई लोग अभद्रता के साथ धमकाने पर उतारू हो रहे हैं। उनका कहना है कि पंप में पुलिस कर्मियों की तैनात करना चाहिए, ताकि लोग पेट्रोल न देने पर पंप कर्मियों से अभद्रता न कर सकें।
जारी किए जाएंगे नोटिस : एसओ
लोहाघाट के थानेदार बीएस बृजवाल का कहना है कि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए दोपहिया वाहनों के चालकों को हेलमेट पहनने की हिदायत देने के अलावा पेट्रोल पंप को बगैर हेलमेट बाइक सवारों को पेट्रोल न देने के आदेश दिए गए हैं। इस निर्देश का अनुपालन नहीं करने वाले पेट्रोल पंप स्वामियों को नोटिस जारी किया जाएगा। बगैर हेलमेट के पेट्रोल की जिद करने वाले बाइक सवारों की शिकायत पेट्रोल पंप संचालकों को पुलिस से करनी चाहिए, ताकि ऐसे तत्वों पर कार्रवाई की जा सके।