बनबसा बार्डर पर कोरोना वायरस के तहत नेपाल से आने वालों की जांच करते डाक्टर।
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर/बनबसा (चंपावत)। देश में कोरोना वायरस की दस्तक के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। टनकपुर के संयुक्त चिकित्सालय में आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। इसमें जरूरी व्यवस्था की गई हैं। सीएमओ डॉ. आरपी खंडूड़ी ने बताया सुरक्षा के मद्देनजर डीजी हेल्थ के निर्देश के बाद सीमा पर बिना मास्क आवागमन पर रोक लगा दी गई है।
बनबसा के एसएसबी चेकपोस्ट पर 26 जनवरी से कोरोना जांच चौकी स्थापित की गई। वहां डॉ. अभिषेक राज एवं डॉ. संजय सामंत मुस्तैदी से लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर रहे हैं। करीब 40 दिन में वहां कई लोगों की जांच कर 3206 लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक किया जा चुका है।
बनबसा अस्पताल के डॉ. मो. उमर ने बताया कि स्थानीय अस्पताल में भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। एसीएमओ डॉ. एचएस ह्यांकी ने बताया कि सभी जांच केंद्रों में स्टाफ बढ़ा दिया गया है। फिलहाल किसी में कोरोना के लक्षण नहीं मिले हैं। जांच के लिए नैनीताल से आई डॉक्टरों की टीम शनिवार को लौट जाएगी, जिसके बाद विभाग को जिले के अस्पतालों से ही डॉक्टरों की व्यवस्था करनी पड़ेगी।