व्यापारियों ने पाटी बाजार में स्वच्छता, पथ प्रकाश, नाली, कूड़ा निस्तारण, सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था की मांग उठाई है। व्यापार संघ अध्यक्ष दीपक जोशी की अध्यक्षता और सुरेंद्रराज के संचालन में हुई बैठक में व्यापारियों का कहना था कि जिला पंचायत यहां से प्रतिवर्ष 55 हजार रुपये कर वसूलती है, इसके एवज में वह सुविधाएं नहीं देती हैं।
सुरेश भट्ट, जगदीश भट्ट, शोबन मौनी, ललित पाटनी, कैलाश भट्ट, पूर्व तहसीलदार भगीरथ सोराड़ी, विनोद गहतोड़ी, संजय पाटनी, हेम शर्मा, छत्र सिंह बिष्ट आदि का कहना था कि यहां के व्यवसायी आर्थिक रूप से कमजोर हैं। उन्होंने अपने प्रयास से स्वच्छक की व्यवस्था की है। उसका भुगतान करना भी मुश्किल हो रहा है।
जिपं अध्यक्ष ने पूर्व में ग्रामीण कस्बाई क्षेत्रों को तीन-तीन लाख रुपये देने की बात कही थी, जिसमें ब्याज की राशि से सफाई अन्य कार्य किए जाने की बात कही गई थी। जो अभी नहीं हो पाई है। यहां कुछ स्थानों पर स्ट्रीट लाइट लगाई गई है, उसका बिल भी व्यापारियों को देना पड़ रहा है।
अलग से की गई है बजट की मांग
जिला पंचायत अध्यक्ष खुशाल सिंह अधिकारी का कहना है कि यहां के सभी स्थानों पर पथ प्रकाश की व्यवस्था के लिए पहल की गई है। जिसके लिए विद्युत विभाग में धन भी जमा किया जा चुका है। यहां नालियों, शौचालयों तथा अन्य नागरिक सुविधाओं को दिया जाना जिला पंचायत के एजेंडे में शामिल है। इसके लिए अलग से बजट की भी मांग की गई है।