सौर्य ऊर्जा पर हुए करार को दिखाते एनएचपीसी और छत्तीसगढ़ पावर डिस्ट्रीब्यूशन के अधिकारी।
- फोटो : TANAKPUR
बनबसा (चंपावत)। एनएचपीसी लिमिटेड ने सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए 25 सितंबर को छत्तीसगढ़ राज्य बिजली वितरण कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) के साथ दीर्घकालिक समझौता किया है। दोनों संस्थान आपसी सहयोग से देश को सौर ऊर्जा से 400 मेगावाट बिजली की आपूर्ति करेंगे।
बनबसा स्थित एनएचपीसी के टनकपुर पावर स्टेशन के महाप्रबंधक एसके शर्मा ने बताया कि एनएचपीसी के सीएमडी एके सिंह के नेतृत्व में एनएचपीसी के वरिष्ठतम अधिकारियों के अलावा सीएसपीडीसीएल के महाप्रबंधक एसपी राठौर और मुख्य अभियंता मनोज खरे ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के रायपुर में उक्त समझौते पर हस्ताक्षर किए। इसमें 25 साल का करार हुआ है। इसके तहत सौर ऊर्जा से देश को 400 मेगावाट बिजली आपूर्ति की जाएगी। बताया कि इस करार के तहत सौर ऊर्जा से बिजली उत्पादन एनएचपीसी करेगा और इस बिजली का वितरण सीएसपीडीसीएल करेगा। जीएम शर्मा ने बताया कि एनएचपीसी ने देश में सौर ऊर्जा से 2000 मेगावाट बिजली उत्पादन का लक्ष्य रखा है, जिसमें से 1700 मेगावाट बिजली की आपूर्ति की जा रही है। शेष 300 मेगावाट सौर ऊर्जा के लिए जल्द ही पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) के साथ अनुबंध होने की उम्मीद है।