स्वच्छ भारत मिशन के तहत एनएचपीसी के माध्यम से जिले में 150 स्कूलों में शौचालय का निर्माण किया जाएगा। इस संबंध में सोमवार को डीएम दीपेंद्र कुमार चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में कारपोरेट सोशियल रिर्सोसेज के तहत शौचालय विहीन स्कूलों में शौचालय निर्माण के संबंध में विचार-विमर्श किया गया। डीएम ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और उपयोगिता पर विशेष जोर देते हुए सुलभ इंटरनेशनल जैसी जिम्मेदार कार्यदायी संस्थाओं के माध्यम से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने एनएचपीसी प्रबंधक को किसी भी एनजीओ को शौचालय निर्माण के कार्यों को सौंपने से पहले संबंधित एनजीओ द्वारा पूर्व में किए गए कार्यों की समीक्षा करने के निर्देश दिए।
एनएचपीसी के प्रबंधक शरद भूषण ने बताया कि सर्वे के दौरान चिन्हित 150 स्कूलों में एक पुरुष और एक महिला शौचालय सहित कुल 299 शौचालयों की व्यवस्था की जानी है, जिसमें लोहाघाट ब्लाक में 31 स्कूलों में 62, पाटी में 52 स्कूलों में 103, बाराकोट के 14 स्कूलों में 28 और चंपावत ब्लाक के 53 स्कूलों में 106 शौचालय का निर्माण होगा। उन्होंने बताया कि पूरे प्रोजेक्ट के लिए दो करोड़ 38 लाख रुपए की धनराशि रखी गई ह और निर्माणदायी संस्थाओं से टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। बैठक में स्वजल परियोजना प्रबंधक दीप चंद्र पुनेठा, मोहम्मद आरिफ खां, धीरज जोशी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।