पिथौरागढ़/चंपावत। जिला ट्रेड यूनियन समन्वयक समिति के अध्यक्ष एवं राज्य आंदोलनकारी अध्यक्ष दिनेश गुरुरानी ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी महासंघ की नियमितीकरण की मांग का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि पहले सरकार संविदा कर्मचारियों के लिए विभिन्न विभागों में शासन से पद स्वीकृत कराए। तब कहा जा सकता है कि सरकार संविदा कर्मियों के लिए चिंतित है।
उन्होंने कहा कि विभागों में कार्यरत संविदा कर्मचारी नियमितीकरण के लिए शासन पर दबाव बनाएंगे। कहा कि ट्रेड यूनियन भी संविदा कर्मचारियों के साथ लड़ाई लड़ेगी। उधर, चंपावत में संगठन के संरक्षक गौरव पांडेय ने कहा कि लगातार अनसुनी के चलते 21 अगस्त से प्रदेशभर में एनएचएम संविदा कर्मी क्रमिक अनशन करेंगे।
वहीं शनिवार को इन कर्मियों ने विरोध-प्रदर्शन किया। साथ ही चेतावनी दी गई कि सरकार द्वारा मांग को मानने में लापरवाही करने पर आमरण अनशन किया जाएगा। अध्यक्ष आईबी पैन्यूली के नेतृत्व में हुए विरोध-प्रदर्शन में अमित जोशी, स्नेहलता, दिनेश थ्वाल, हरीश पांडेय, प्रेम बल्लभ आदि थे।