चंपावत/लोहाघाट। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) संविदा कर्मचारी संगठन नौ सूत्री मांगों को लेकर आरपार के मूड में है। 150 कर्मी पहली जून से पूर्ण कार्य बहिष्कार के बाद होम आइसोलेशन में हैं। संगठन के जिलाध्यक्ष प्रेमबल्लभ भट्ट और संरक्षक गौरव पांडेय व संजय पांडेय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति राय और नगर पालिकाध्यक्ष विजय वर्मा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और मांगों के लिए समर्थन मांगा। दोनों नेताओं ने उच्च स्तर पर बात कर मांगों पर सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया।
ज्ञापन देने वालों में मदन राणा, दिनेश चंद्र, डॉ. मुकेश तड़ागी, हरीश पांडेय, प्रवीण भट्ट, दीपक पनेरू आदि शामिल थे। वहीं सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी ने एनएचएम कर्मियों से काम पर लौटने की अपील की है। एनएचएम कर्मियों के राष्ट्रीय स्तर की 42 महत्वपूर्ण योजनाओं के संचालन करने से खासा काम प्रभावित हो रहा हैं। साथ ही कोविड टीकाकरण, परीक्षण, विभिन्न पोर्टल पर आकड़ों की प्रविष्टि सहित कई काम पर असर पड़ रहा है।
ये हैं मांगें:
नियमितीकरण, सेवा नियमावली लागू करना, आउटसोर्स के आधार पर नियुक्ति के आदेश को निरस्त करना, स्वास्थ्य विभाग में खाली पदों का 50 प्रतिशत एनएचम कर्मियों से भरना, कोविड काल में मृत कर्मियों के आश्रितों को नौकरी, गोल्डन कार्ड की सुविधा, बोनस, वेतन विसंगति दूर करना और दस प्रतिशत की बढ़ोतरी।
मांगों के लिए छह जून तक एनएचएम कर्मी होम आइसोलेट
पिथौरागढ़। जिले में एनएचएम कर्मी नौ सूत्री मांगों को लेकर छह जून तक होम आइसोलशेन में चले गए हैं। सरकार की अनेदखी से कर्मियों में बेहद नाराजगी है। एनएचएम कर्मियों की हड़ताल से टीकाकरण और ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाली कोरोना जांच प्रभावित हो रही है। आइसोलेशन से लेकर कोविड रिपोर्ट लेने के लिए लोग परेशान हैं। सैंपल लैबों तक पहुंचाना अब स्वास्थ्य विभाग के लिए मुश्किल हो रहा है।
बुधवार को प्रदेश संगठन के आह्वान पर एनएचम कर्मी होम आइसोलशन में रहे। जिलाध्यक्ष चंदन पंवार ने बताया कि कोरोना महामारी में कर्मी लगातार काम कर रहे हैं। मगर सरकार ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने बताया कि गोल्डन कार्ड की सुविधा, कोविड रोकथाम में मृत एनएचएम कर्मियों के परिवारों को राहत राशि और एक सदस्य को अनुकंपा के आधार पर एनएचएम में नौकरी आदि की मांग कर रहे हैं। मीडिया प्रभारी मोहित पंत ने कहा सरकार को उनकी मांगें पूरी करनी चाहिए। हालांकि सीएमओ डॉ. एचसी पंत ने बताया हड़ताल को देखते हुए स्वास्थ्य कर्मियों और आउट सोर्सिंग के लोगों के माध्यम से काम किए जा रहे हैं। (संवाद)