चंपावत। एनएचएम के तहत कार्यरत आउटसोर्स कर्मियों को विगत दो माह से मानदेय नहीं मिला है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संगठन
चंपावत ने सीएमओ डॉ. देवेश चौहान को को ज्ञापन दे तत्काल कार्यवाही की मांग की है।
संगठन के जिलाध्यक्ष चंद्र मोहन लडवाल ने बताया कि विजिलेंट सिक्योरिटी प्लेसमेंट एवं डिटेक्टिव सर्विस प्राइवेट लि. के माध्यम से नियुक्त कर्मचारियों को नवंबर और दिसंबर माह का मानदेय अब तक प्राप्त नहीं हुआ है। वेतन न मिलने के कारण कर्मचारियों और उनके परिवारों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। दैनिक आवश्यकताओं, बच्चों की शिक्षा, आवास और चिकित्सा जैसे बुनियादी खर्च पूरे करना मुश्किल हो गया है।
उन्होंने कहा कि जनवरी 2025 से अब तक कर्मचारियों का ईपीएफ भी संबंधित खाते में जमा नहीं किया गया है। जबकि नियमानुसार ईपीएफ का समय पर जमा होना अनिवार्य है। यह श्रम कानूनों और सेवा शर्तों का स्पष्ट उल्लंघन बताया गया है। उन्होंने जल्द समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इस दौरान महासचिव दिनेश थ्वाल, उपाध्यक्ष अमित जोशी, बीनू गहतोड़ी आदि मौजूद रहे।