नियमों की अवहेलना करने पर बनबसा में पकड़ी नेपाल की बस। संवाद
बनबसा (चंपावत)। नेपाल से भारत को मैत्री बसों के नाम पर आने वाले कई वाहन नियमों की अवहेलना कर रहे हैं। रविवार को बनबसा शारदा बैराज पुलिस चौकी ने तय से काफी अधिक सवारी ढोने के आरोप में एक नेपाल की बस को सीज कर दिया। बस में सवार नेपाली नागरिकों को रोडवेज की बस में गंतव्य तक रवाना किया गया।
रविवार को बनबसा शारदा बैराज पुलिस चौकी कर्मी सीमा पर आवागमन करने वाले वाहनों की चैकिंग कर रहे थे। इसी बीच नेपाल के लुंबनी स्थित तुलसीपुर से शिमला जा रही एक मिनी बस संख्या आरए 01 केएचए 2825 बनबसा बैराज पहुंची। चैक करने पर 42 सवारियों वाली बस में 56 सवारियां मिली। शारदा बैराज पुलिस चौकी प्रभारी एसआई ललित मोहन पांडेय ने बताया कि बस चालक जायज कागजात और ड्राइविंग लाइसेंस नहीं दिखा पाया। इस कारण बस को सीज कर लिया गया। बैराज चौकी प्रभारी ने बताया कि इस संबंध में उच्चाधिकारियों को अवगत करा उक्त बस के परिचालक से सवारियों के पैसे वापस करा उन्हें टनकपुर डिपो से रोडवेज बस मंगवाकर गंतव्य के लिए रवाना किया गया।