बनबसा (चंपावत)। डीएम की अनुमति के बावजूद शनिवार को भारत-नेपाल सीमा पूरी तरह से नहीं खुल सकी है। केवल नेपाली नागरिक ही पूर्व की भांति आवागमन कर रहे हैं। नेपाल के महेंद्रनगर बाजार में शनिवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण सीमा पर तैनात नेपाली सुरक्षा एजेंसियों को सीमा खोलने के लिए कंचनपुर के सीडीओ (जिलाधिकारी) का लिखित आदेश नहीं मिल सका है। इसी कारण शनिवार को भारतीय नागरिक नेपाल नहीं जा पाए।
उधर एसएसबी 57वीं वाहिनी के कमांडेंट बीपीएस नेगी ने बताया कि शनिवार को नेपाल सीमा नेपाल की ओर से नहीं खुली, जबकि भारतीय प्रशासन की ओर से सीमा पूर्व की भांति खुली रही। इस दौरान कई नेपाली पेंशनर और नागरिक भारत आए। एसएसबी 57वीं वाहिनी बनबसा की ई कंपनी की असिस्टेंट कमांडेंट तन्वी शुक्ला ने बताया कि सीमा खुलने की सूचना अभी नहीं मिल पाई है।
नेपाल में 3500 रुपये में हो रही कोरोना जांच
बनबसा (चंपावत)। नेपाल सरकार ने कोविड कंट्रोल के लिए एक मोबाइल एप बनाया है। भारतीय नागरिकों को नेपाल जाने के लिए इस एप के माध्यम से पंजीकरण कराना होगा। तभी भारतीयों को नेपाल जाने की अनुमति मिल पाएगी। हालांकि इस एप पर चार पन्नों का फार्म भरना आसान नहीं है। मोबाइल पर भरे गए इस फार्म का प्रिंट भी लेना होगा, क्योंकि नेपाल पहुंचते ही भारतीय मोबाइल फोन निष्क्रिय हो जाएंगे। नेपाल में कोरोना जांच कराने के लिए आम भारतीयों को भारतीय मुद्रा में करीब 3500 रुपये जमा करने हैं। यह भी आम आदमी के लिए मुश्किल होगा। (संवाद)